मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना में सर्राफा व्यापारी से हुई लूट की वारदात को लेकर पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने खुद बुढ़ाना पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया और पूरे मामले की गहन जांच की। इस दौरान एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ, सीओ गजेंद्र पाल, इंस्पेक्टर सुभाष अत्री सहित गठित पुलिस टीमों के साथ बैठक कर वारदात का जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने बताया कि व्यापारी शिवम् वर्मा से रविवार को दुकान जाते समय तीन बदमाशों ने हथियारों के बल पर आभूषणों से भरा बैग, चार हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन लूट लिया था। घटना के बाद थाना बुढ़ाना पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अभी तक पुलिस को कोई सुराग नहीं लगा है।
एसएसपी ने गठित टीमों से अब तक की प्रगति रिपोर्ट ली और उन्हें बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए तकनीकी व सर्विलांस इनपुट का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि लूट का खुलासा करने के लिए कुल तीन टीमें बनाई गई हैं और एक अलग तकनीकी टीम भी काम कर रही है। पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात का पर्दाफाश किया जाएगा।










Discussion about this post