मुजफ्फरनगर। रतनपुरी थाने में तैनात दो कांस्टेबल गुरुवार देर शाम ड्यूटी पर जाते समय सड़क हादसे का शिकार हो गए। मंसूरपुर थाना क्षेत्र के बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज के पास उनकी बाइक को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में पुरुष और महिला कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, महिला सिपाही प्रतिदिन एसपी सिटी कार्यालय में ड्यूटी पर जाती थीं, जबकि कॉन्स्टेबल मनीष डाक लेकर मुजफ्फरनगर जा रहे थे। दोनों जैसे ही बाइक से बेगराजपुर मेडिकल के समीप पहुंचे, तभी पीछे से आए अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर मंसूरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मंसूरपुर पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर वाहन और चालक की तलाश में जुट गई है। समाचार लिखे जाने तक थाने में कोई तहरीर दर्ज नहीं कराई गई थी।










Discussion about this post