मुजफ्फरनगर। मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत मुजफ्फरनगर सदर तहसील के 17 किसानों के परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। यह सहायता उन परिवारों को दी जाती है जिनके किसी सदस्य किसान या खेतिहर मजदूर की दुर्घटना में मृत्यु हो गई हो। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण अंबेडकरनगर से किया गया, जहां से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने योजना का शुभारंभ किया था।
इस योजना के तहत प्रदेशभर में अब तक 11,690 कृषकों के परिजनों को लाभान्वित किया जा चुका है। मुजफ्फरनगर में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, रालोद जिलाध्यक्ष संदीप मलिक और अन्य पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।
राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत न केवल कृषकों, बल्कि खेती से जुड़े श्रमिकों और मजदूरों को भी दुर्घटना में मृत्यु की स्थिति में 5 लाख रुपये की सहायता दी जाती है। उन्होंने बताया कि मुजफ्फरनगर के 17 लाभार्थियों को सांकेतिक चेक वितरित किए गए, जबकि राशि पहले ही उनके खातों में स्थानांतरित की जा चुकी है।
मंत्री ने कहा, “मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की यह योजना किसानों और खेतिहर मजदूरों के जीवन में राहत लाने का एक बड़ा प्रयास है। हम उनके इस संवेदनशील और दूरदर्शी कदम के लिए आभार व्यक्त करते हैं।”










Discussion about this post