मुज़फ्फरनगर। नेशनल हाईवे-58 स्थित एक रेस्टोरेंट में त्यागी भूमिहार ब्राह्मण समाज की पंचायत का आयोजन किया गया, जिसमें समाज को नशाखोरी और सामाजिक कुरीतियों से दूर रखने तथा संगठन को मज़बूत करने पर चर्चा हुई। इस अवसर पर समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष मांगेराम त्यागी ने मुज़फ्फरनगर युवा जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सागर त्यागी उर्फ राजा त्यागी को सौंपी।
नवनियुक्त युवा जिलाध्यक्ष राजा त्यागी ने कहा कि वे समाज के सभी युवाओं को साथ लेकर संगठन का विस्तार करेंगे और जनहित में संगठन द्वारा किए जा रहे कार्यों का प्रचार-प्रसार करेंगे। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष मांगेराम त्यागी का आभार जताते हुए कहा कि वे संगठन के प्रति पूरी निष्ठा से काम करेंगे और समाज के हर जरूरतमंद के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष मांगेराम त्यागी ने कहा कि संगठन भले ही दो साल पुराना है, लेकिन इसकी कार्यप्रणाली और जनसरोकार के मुद्दों को लेकर युवाओं में जबरदस्त जोश है। उन्होंने बताया कि हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में युवा विंग तैयार की जा रही है। यह संगठन केवल त्यागी समाज ही नहीं, बल्कि हर गरीब, पीड़ित, किसान और ग्रामीण व्यक्ति की आवाज बनेगा।
मांगेराम त्यागी ने अपने संबोधन में कहा, “2027 में कुछ बड़ा होगा। मुझे बार-बार एक सपना आता है, जिसमें एक ‘हाउ’ (मुख) दिखाई देता है जो किसी दिशा में खुलता है, लेकिन यह नहीं पता कि वह किसे निगल जाएगा।” उन्होंने इसे प्रतीकात्मक चेतावनी बताते हुए युवाओं को सतर्क और एकजुट रहने का आह्वान किया।
इस मौके पर सैकड़ों युवाओं ने संगठन की सदस्यता ली, जिनमें सौरभ त्यागी, अर्जुन वर्मा, विदित त्यागी आदि प्रमुख रूप से शामिल रहे।











Discussion about this post