मुजफ्फरनगर। रतनपुरी थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक युवक फुलत मदरसे में मौलवी का कोर्स कर रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कसेरवा गांव निवासी दाऊद (पुत्र नसीम) और अनस (पुत्र जमशेद) सोमवार सुबह अपनी बाइक पर सवार होकर गांव से रतनपुरी थाना क्षेत्र के गांव फुलत मदरसे जा रहे थे।
यह हादसा तब हुआ, जब वे रतनपुरी थाने के ठीक सामने पहुँचे। पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दाऊद और अनस सड़क पर काफी दूर तक घिसटते हुए गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही रतनपुरी पुलिस मौके पर पहुँची और दोनों घायलों को बुढ़ाना सीएचसी में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने उपचार के दौरान दाऊद को मृत घोषित कर दिया, जबकि अनस को गंभीर हालत में हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया।
मृतक दाऊद के परिजनों को हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि दाऊद फुलत मदरसे में मौलवी का कोर्स कर रहा था। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने ट्रक चालक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है। गांव में इस घटना के बाद शोक की लहर है।










Discussion about this post