नई दिल्ली: शुभमन गिल का कहना है कि उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि वह कभी भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान बनेंगे. गिल को इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम का कप्तान बनाया गया है. उन्हें रोहित शर्मा की जगह टीम इंडिया की जिम्मेदारी दी गई है.दाएं हाथ के बल्लेबाज गिल का कहना है कि उन्होंने ऐसी टीम संस्कृति बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है जहां हर खिलाड़ी ‘सुरक्षित और खुश’ रहे. बदलाव के दौर से गुजर रहा भारत 2007 के बाद से इंग्लैंड में अपनी पहली टेस्ट सीरीज जीतने के इरादे से उतरेगा. दोनों टीमों के बीच पांच मैच की टेस्ट सीरीज का पहला मैच 20 जून से लीड्स में खेला जाना है.
शुभमन गिल ने ‘स्काईस्पोर्ट्स’ से कहा, ‘मैंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि मैं भारतीय क्रिकेट टीम का कप्तान बनना चाहता हूं. इसलिए सभी ट्रॉफियों के बावजूद मैं ऐसी टीम संस्कृति बनाना चाहता हूं जहां हर कोई बहुत सुरक्षित और खुश रहे.’ लेकिन गिल जानते हैं कि यह काम कहना जितना आसान है, करना उतना आसान नहीं है. उन्होंने कहा, ‘मुझे पता है कि यह बहुत मुश्किल हो सकता है, विशेषकर सभी प्रतिस्पर्धा और जितने मैच हम खेलते हैं उसे देखते हुए, अलग-अलग टीम होती हैं. लेकिन अगर मैं ऐसा कर पाया तो मुझे लगता है कि यह मेरा लक्ष्य होगा.’
गिल ने कहा, ‘इसलिए एक सुरक्षित माहौल बनाए रखना और खिलाड़ी को उसकी क्षमताओं और योग्यताओं में सुरक्षित महसूस कराना मुझे लगता है कि सबसे महत्वपूर्ण चीजों में से एक है जो एक नेतृत्वकर्ता को करना चाहिए.’ गिल ने माना कि सात मई को टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने वाले रोहित शर्मा ने उनके लिए एक स्पष्ट रास्ता तय किया है. बकौल गिल,‘ऐसा लग सकता है कि वह आक्रामक नहीं है लेकिन रोहित अपनी रणनीति के मामले में बहुत आक्रामक हैं. वह ऐसे व्यक्ति हैं जो मैचों से पहले, सीरीज के दौरान और श्रृंखला के बाद भी अपने संवाद में बहुत स्पष्ट रहते हैं कि वह खिलाड़ियों से क्या चाहते हैं.’
गिल ने कहा कि वह अपने पूर्ववर्ती रोहित के रास्ते पर चलना चाहते हैं जिन्होंने हमेशा टीम को व्यक्तिगत खिलाड़ियों से आगे रखा. उन्होंने कहा, ‘रोहित भाई ने जिस तरह का माहौल बनाए रखा, भले ही रोहित भाई आपको अपशब्द कह रहे हों, आप इसे अपने दिल पर नहीं लगाएंगे. यह उनका व्यक्तित्व है. मुझे लगता है कि यह एक बहुत अच्छी विशेषता है. वह दृढ़ है लेकिन भले ही वह आप पर कठोर हो, आप जानते हैं कि यह उनके दिल से नहीं आ रहा है. यह टीम के नजरिए से आ रहा है.’ पच्चीस वर्षीय गिल ने कहा कि उन्होंने रोहित के साथ टीम के भविष्य के बारे में बातचीत की. बकौल गिल,‘यह एक ऐसी बातचीत है जो मैंने रोहित भाई के साथ कई बार की है कि आदर्श रूप से अगले पांच, सात या 10 या 15 वर्षों में हम भारतीय क्रिकेट टीम की संस्कृति को कहां देखना चाहेंगे?’











Discussion about this post