मुजफ्फरनगर। नगर कोतवाली पुलिस ने शनिवार रात बामनहेड़ी मार्ग पर हुई मुठभेड़ में दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश साहिल उर्फ राहुल पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गिरफ्तार दूसरे बदमाश का नाम सलमान है। दोनों शातिर अपराधी कई मामलों में वांछित थे।
शनिवार देर रात पुलिस टीम बामनहेड़ी रोड पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर दो संदिग्ध व्यक्ति आते दिखे। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन बदमाशों ने रुकने के बजाए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने लगे। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए बदमाशों का पीछा किया। तेज रफ्तार में भागते समय बदमाशों की बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इसके बावजूद दोनों बदमाश बाइक छोड़कर जंगल की ओर भागने लगे और लगातार पुलिस पर फायरिंग करते रहे।
पुलिस ने घेराबंदी कर आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन बदमाश नहीं माने। आखिरकार पुलिस को आत्मरक्षार्थ फायरिंग करनी पड़ी, जिसमें एक बदमाश साहिल उर्फ राहुल गोली लगने से घायल हो गया। उसके साथी सलमान को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया।
गिरफ्तार बदमाशों के पास से चोरी की गई दो बैटरियां, एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और दो तमंचे बरामद हुए। पूछताछ में बदमाशों ने कबूल किया कि बैटरियां उन्होंने थाना बुढाना क्षेत्र से चोरी की थीं।
गिरफ्तार बदमाश साहिल उर्फ राहुल पर हत्या के प्रयास, चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत 13 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, सलमान पर भी हत्या और गंभीर अपराधों से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। दोनों बदमाश बुढाना थाने में दर्ज मामलों में वांछित थे।
इस मुठभेड़ और गिरफ्तारी को लेकर एसपी सिटी सत्यानारायण प्रजापत ने पुलिस टीम की सराहना की। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक मोहित कुमार और अभिषेक गुप्ता समेत कुल 11 पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस अब दोनों बदमाशों के आपराधिक नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उन्होंने और कहां-कहां अपराध किए हैं।











Discussion about this post