शामली। शामली जिले में मंगलवार को नेशनल हाईवे पर सनसनीखेज लूट की वारदात हुई, जिसमें एक धागा व्यापारी के कैशियर से करीब 29 लाख रुपये की नकदी लूट ली गई। लुटेरे ‘भारत सरकार’ लिखी बोलेरो कार और एक वैगनआर कार में सवार थे और खुद को जीएसटी अधिकारी बताकर घटना को अंजाम देकर फरार हो गए।
घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव बलवा के पास रेलवे फ्लाईओवर के समीप की है। पानीपत निवासी व्यापारी का कैशियर अनिल अपने ड्राइवर सुखनाम के साथ मेरठ से कैश लेकर वापस लौट रहा था। रास्ते में हाईवे पर उनकी कार को पीछे से आई दो गाड़ियों ने ओवरटेक कर रोका। एक गाड़ी पर ‘भारत सरकार’ लिखा हुआ था, जिससे सरकारी वाहन का भ्रम उत्पन्न हुआ।
गाड़ियों से निकले 2-3 अज्ञात बदमाशों ने खुद को जीएसटी अधिकारी बताया और चेकिंग के बहाने अनिल व सुखनाम से ₹29 लाख की नकदी लेकर फरार हो गए। लूट की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और एसपी शामली रामसेवक गौतम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
अपर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि बदमाशों ने योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया है। उन्होंने खुद को अधिकारी बताकर विश्वास में लिया और फिर लूटकर फरार हो गए। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और पीड़ितों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।











Discussion about this post