शामली। थाना कोतवाली शामली क्षेत्र में गौकशी की घटनाओं में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी गौ-तस्कर सलमान को पुलिस ने मंगलवार को मुठभेड़ के दौरान घायल कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की है। सलमान को प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी भेजा गया है, वहीं पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
पुलिस अधीक्षक शामली राम सेवक गौतम के आदेश पर चलाए जा रहे गौकशी रोकथाम अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की। अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर मंगलवार को कैराना रोड स्थित राजमहल होटल के पास घेराबंदी की। इस दौरान अभियुक्त सलमान ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में आत्मरक्षार्थ की गई कार्रवाई में वह घायल हो गया।
कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर,दो खोखा कारतूस व एक जिंदा कारतूस,एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (बिना नंबर प्लेट) बरामद हुई है। घायल अभियुक्त सलमान पुत्र रफीक, निवासी मोहल्ला आजाद चौक, काजीवाड़ा, थाना कोतवाली शामली का रहने वाला है।
सलमान के विरुद्ध शामली और आदर्श मंडी थानों में कुल छह आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें NDPS एक्ट, पशु क्रूरता अधिनियम, गौवध निवारण अधिनियम व आयुध अधिनियम जैसी गंभीर धाराएं शामिल हैं। हाल ही में वह थाना कोतवाली शामली में दर्ज गौकशी के मामले में वांछित चल रहा था।
शामली पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें सक्रिय हैं और जल्द ही बाकी आरोपियों को भी पकड़ लिया जाएगा।











Discussion about this post