नई दिल्ली। पाकिस्तान ने नवंबर और दिसंबर में भारत में होने वाले जूनियर हॉकी विश्व कप से नाम वापस ले लिया है। अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) ने शुक्रवार को समाचार एजेंसी पीटीआई के हवाले से इसकी पुष्टि की। एफआईएच ने कहा कि इस वैश्विक टूर्नामेंट में पाकिस्तान की जगह लेने वाली टीम की घोषणा जल्द ही की जाएगी। जूनियर हॉकी विश्व कप 28 नवंबर से 28 दिसंबर तक चेन्नई और मदुरै में आयोजित किया जाएगा।
एफआईएच ने बताया, हम इस बात की पुष्टि करते हैं कि पाकिस्तान हॉकी महासंघ ने एफआईएच को सूचित कर दिया है कि आगामी हॉकी पुरुष जूनियर विश्व कप 2025 के लिए शुरू में क्वालिफाई करने वाली उसकी टीम अंततः इसमें भाग नहीं लेगी। पाकिस्तान की जगह कौन सी टीम इस टूर्नामेंट का हिस्सा होगी, इसकी घोषणा जल्द कर दी जाएगी।
भारत और पाकिस्तान के बीच पिछले कुछ समय से रिश्ते काफी तल्ख चल रहे हैं। इस साल 22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकी हमला हुआ था जिसके बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के जरिये सैन्य कार्रवाई की थी। भारत ने भी स्पष्ट किया था कि किसी भी खेल के लिए उनकी टीमें पाकिस्तान का दौरा नहीं करेगी।











Discussion about this post