लखनऊ। सोमवार को जिले के चौक पुलिस स्टेशन में आज़ाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर, उनकी पत्नी नूतन ठाकुर और अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। यह मामला सामाजिक कार्यकर्ता अंबरीश कुमार सिंह भोला की शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया है। बड़ी पियारी के रहने वाले अंबरीश कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि अमिताभ ठाकुर और नूतन ठाकुर ने 30 नवंबर को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो और एक चिट्ठी पोस्ट की थी।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि वीडियो और चिट्ठी से उनकी छवि खराब करने और समाज में दुश्मनी फैलाने की कोशिश की गई। पोस्ट की गई चिट्ठी और वीडियो में अमिताभ ठाकुर को आज़ाद अधिकार सेना का राष्ट्रीय अध्यक्ष और नूतन ठाकुर को महासचिव बताया गया था। आरोप है कि इसमें मनगढ़ंत और बेबुनियाद आरोप लगाए गए थे। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196, 229, 356(2) और 356(3) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने कफ सिरप मामले में वाराणसी के भाजपा नेता अंबरीश सिंह भोला के संबंध में उन्हें प्राप्त नए तथ्यों को यूपी के डीजीपी सहित समस्त संबंधित अधिकारियों को प्रेषित कर तत्काल जांच की मांग की थी। उन्होंने वीडियो जारी करते हुए कहा था कि उन्हें दो वीडियो भेजे गए हैं। इनमें 5 सेकेंड का वीडियो 2 दिन पूर्व अंबरीश सिंह भोला के रामकटोरा बड़ी पियरी, वाराणसी स्थित मकान का बताया गया है, जिसमें उनके मकान से कफ सिरप से जुड़े सामानों के उठाए जाने की बात कही गई है।
पूर्व आईपीएस ने 22 सेकेंड के दूसरे वीडियो में अमरीश सिंह भोला शेर ए पूर्वांचल बताते हुए 0045 नंबर के काले रंग की गाड़ी के काफिले से चलने की बात कही थी। अमिताभ ठाकुर ने कहा था कि उन्हें दी गई जानकारी के अनुसार कफ सिरप से जुड़े शुभम जायसवाल द्वारा अंबरीश सिंह भोला को भारी धनराशि दिए जाने की बात कही गई है।










Discussion about this post