मेरठ। सम्राट मिहिर भोज की जयंती पर 26 अगस्त को प्रस्तावित महापंचायत से ठीक 15 घंटे पहले पुलिस ने पथिक सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष के पिता मुखिया गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र में कब्रिस्तान की जमीन पर कब्जे के एक मामले में हुई। इस मामले में इदरीश नामक व्यक्ति की शिकायत पर मुकदमा दर्ज था और कोर्ट ने डीएम व एसएसपी से जवाब भी तलब किया था। एसपी देहात डॉ. राकेश मिश्रा ने बताया कि मुखिया गुर्जर इस प्रकरण में वांछित चल रहे थे।
पिछले दिनों गुमी गांव में आयोजित बैठक में मुखिया गुर्जर ने 26 अगस्त को गुर्जर प्रतिहार सम्राट मिहिर भोज जयंती धूमधाम से मनाने का ऐलान किया था। इसके बाद से ही प्रशासन ने उन पर सख्ती शुरू कर दी थी। सोमवार को पुलिस ने लोकेशन ट्रेस कर उन्हें मेरठ-मुजफ्फरनगर बॉर्डर से गिरफ्तार कर लिया।
मुखिया गुर्जर के बेटे और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष कुलविंदर गुर्जर ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने फर्जी तरीके से फोन टेपिंग और झूठे मुकदमों के आधार पर गिरफ्तारी की। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन इतना डरा हुआ था कि आयोजन
रुकवाने के लिए यह कार्रवाई की गई। लेकिन कोर्ट से मुखिया गुर्जर को जमानत मिल गई है और महापंचायत का आयोजन अब पहले से भी बड़े स्तर पर होगा।
मुखिया गुर्जर ने गिरफ्तारी के बाद कहा कि उन्होंने कभी गलत काम नहीं किया है और वह डरने वाले नहीं हैं। पुलिस की कार्रवाई को उन्होंने “शासन की आड़ में गुंडई” बताया और स्पष्ट कहा कि 26 अगस्त का आयोजन हर हाल में होगा।











Discussion about this post