मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी उमेश मिश्र एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह की अध्यक्षता में आगामी त्यौहारों महाशिवरात्रि, रमजान माह, होलिका दहन, चैत्र नवरात्रि, ईद उल फितर आदि त्यौहारों के आयोजन के सम्बन्ध में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए जिला पंचायत के सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सभी वर्गों के धर्म गुरुओं, बुद्धिजीवियों एवं संभ्रांत नागरिकों से सीधा संवाद किया गया तथा आगामी त्यौहारों के दौरान आपसी सौहार्द, भाईचारा, शांति एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने में शासन एवं प्रशासन की गाइडलाइन का पालन करते हुए सहयोग का आह्वान किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि धार्मिक संवेदनशील मामलों में माहौल खराब करने वालों के विरूद्ध कार्यवाही करने में पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करें। आगामी त्यौहारों को शांतिपूर्वक एवं भाईचारे के साथ मनाया जाए।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर कोई भी ऐसी टिप्पणी न की जाए जिससे माहौल खराब हो, यदि कोई व्यक्ति पोस्ट करता है तो उसके विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि किसी अप्रिय घटना की सम्भावना हो तो उच्चाधिकारियों के संज्ञान में लायें।
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। संबंधित अधिकारी कांवड़ यात्रा के श्रद्धालुओं के सभी रूटों का निरीक्षण कर लें, ताकि किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो। जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ियों को रास्ते में किसी प्रकार की परेशानी न हो। साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं।
जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर साफ-सफाई, झाड़ियों की कटाई, बिजली, चिकित्सा, चेजिंग रूम, सीसीटीवी कैमरा, संकेतक चिह्न, रूट डायवर्ट कंट्रोल रूम की स्थापना, अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी, मोबाइल शौचालय, महिला शौचालय आदि की व्यवस्थाएं कर ली जाएं। उन्होंने संबंधित विभाग के सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी सभी त्योहारों में उन्हें दी गई जिम्मेदारियों का सही ढंग से निर्वहन करें और सभी त्योहार सकुशल संपन्न कराएं, इसमें किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। जिले के संभ्रांत नागरिकों व जनप्रतिनिधियों द्वारा कांवड़ यात्रा के दौरान बिजली, सड़क पर गड्ढे व जाम की समस्या जैसे सुझाव दिए गए। संभ्रांत नागरिकों ने बताया कि हम जनपद में कांवड़ यात्रा, होली, रमजान, ईद उल फितर को भाईचारे के साथ मनाते हैं, साथ ही प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन भी दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह ने कहा कि आगामी त्यौहारों के मद्देनजर सभी धर्मगुरु एवं संभ्रांत नागरिक जनपद में आपसी सौहार्द, सामाजिक सौहार्द, शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में पूर्ण सहयोग करें। कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। झूठी अफवाह फैलाने वालों एवं अराजक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ईद की नमाज सड़कों पर न पढ़ी जाए, सड़क या यातायात बाधित न हो। त्यौहारों के दौरान आपसी सौहार्द, भाईचारा, शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखें। सभी धर्मगुरु एवं संभ्रांत नागरिकों ने आश्वासन दिया कि वे जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने में पूर्ण सहयोग करते हुए पुलिस एवं प्रशासन का पूर्ण सहयोग करेंगे।
उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर होलिका दहन किया जाता है, वहां संबंधित अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि होली बिजली के तारों या ट्रांसफार्मर के पास न रखी जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन नरेन्द्र बहादुर सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गजेन्द्र कुमार, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल, एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत, सिटी मजिस्ट्रेट विकास कश्यप, उपजिलाधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी तथा सभी वर्गों के धर्मगुरु एवं संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक के पश्चात जिलाधिकारी उमेश मिश्र, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह ने कांवड़ मार्ग शिव चौक का निरीक्षण किया तथा जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए।











Discussion about this post