मेरठ। मिशन शक्ति फेज-5.0 के अंतर्गत मेरठ में महिला पुलिसकर्मियों ने एक भव्य बाइक रैली निकाली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रारम्भ किए गए इस विशेष अभियान का उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देना है।
रैली का शुभारंभ पुलिस लाइन मेरठ से हुआ, जहां अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन, पुलिस उपमहानिरीक्षक मेरठ परिक्षेत्र, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ, मुख्य विकास अधिकारी नुपुर गोयल और अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित थे। उन्होंने महिला पुलिसकर्मियों एवं अधिकारियों को हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
इस रैली में लगभग 200 स्कूटी और बाइक शामिल थीं, जिनमें अधिकांश महिला पुलिसकर्मी थीं। रैली पुलिस लाइन से शुरू होकर बच्चा पार्क, बेगमपुल, आबूलेन, हनुमान मंदिर, हापुड़ अड्डा होते हुए एल एवं के-ब्लॉक शास्त्रीनगर से गुजरते हुए सेंट्रल मार्केट पर समाप्त हुई। रास्ते भर स्थानीय लोगों ने इस रैली का गर्मजोशी से स्वागत किया।
रैली का मुख्य उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देना, उनके सम्मान और अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाना तथा महिलाओं को स्वावलंबन के लिए प्रेरित करना रहा। मिशन शक्ति फेज-5.0 के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि महिला सुरक्षा और सम्मान के लिए पुलिस सदैव तत्पर है।











Discussion about this post