मुजफ्फरनगर। जिले के डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के फैन्थम हॉल में मंगलवार को अधिवक्ताओं की सुविधा के लिए स्थापित अत्याधुनिक लिफ्ट का शुभारंभ भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के चेयरमैन संतोष कुमार यादव ने किया। इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश बीरेंद्र कुमार सिंह और जिलाधिकारी उमेश मिश्रा सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
वरिष्ठ अधिवक्ताओं और दिव्यांगों को मिलेगी सुविधा-
यह नवनिर्मित लिफ्ट विशेष रूप से वरिष्ठ अधिवक्ताओं और दिव्यांगजनों के लिए ऊपरी मंजिलों तक पहुंचने में सुविधा प्रदान करेगी, जिससे उनका कार्य सहज और आरामदायक होगा। कार्यक्रम में फैन्थम हॉल के अध्यक्ष ठा. कंवरपाल सिंह और महासचिव चंद्रवीर निर्वाल ने मुख्य अतिथियों का स्वागत किया।
डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के महासचिव चंद्रवीर निर्वाल ने बताया कि लिफ्ट का निर्माण पूर्व अध्यक्ष प्रमोद त्यागी और महासचिव सुरेंद्र कुमार मलिक के अथक प्रयासों से संभव हो पाया। उन्होंने बताया कि NHAI चेयरमैन से व्यक्तिगत रूप से मिलकर इस सुविधा की मांग की गई थी, जिसे चेयरमैन ने स्वीकार कर निर्माण कराया।
परतापुर से रामपुर तिराहा तक सिक्स लेन हाईवे-
मुख्य अतिथि NHAI चेयरमैन संतोष कुमार यादव ने अपने संबोधन में जनपदवासियों को बड़ी सौगात देने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि परतापुर से मुजफ्फरनगर के रामपुर तिराहा तक छह लेन (सिक्स लेन) रोड बनाई जाएगी और मंसूरपुर में बाईपास का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि हाल ही में बन रहे फ्लाईओवर से वहलना चौक पर जाम से राहत मिलेगी।
जाम कम करने और नए समाधानों पर जोर-
चेयरमैन ने बताया कि टोल प्लाजा पर बैरियर अब वाहन में लगे फास्टैग से जुड़ी जानकारी के अनुसार ही गिरेगा, जिससे जाम की समस्या कम होगी। उन्होंने जनपद में कचरे के निस्तारण और सड़क निर्माण के लिए शहरी क्षेत्रों में रोप-वे बनाने की योजना की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अर्बन क्षेत्रों में नई सड़क बनाने के लिए जगह की कमी है, इसलिए यह नया समाधान अपनाया जाएगा।
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने NHAI चेयरमैन के मार्गदर्शन और तकनीकी समझ की सराहना की, जबकि जनपद न्यायाधीश बीरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि चेयरमैन सभी के दिलों में राज कर रहे हैं।










Discussion about this post