मुजफ्फरनगर। शहर को अतिक्रमण और जाम से मुक्त बनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने नई पहल की है। पहली बार ई-रिक्शा चालकों के साथ विशेष बैठक करने का निर्णय लिया गया है। यह बैठक शुक्रवार को दोपहर तीन बजे पुलिस लाइन मंदिर परिसर में होगी।
पुलिस अधीक्षक यातायात संजय वर्मा की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में ई-रिक्शा चालकों और स्वामियों को नए रूट निर्धारण की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी। साथ ही, चालकों के विचार भी सुने जाएंगे ताकि जाम मुक्त शहर के निर्माण के लिए एक प्रभावी योजना बनाई जा सके।
एसएसपी संजय वर्मा ने शहर को तीन जोन – रेड, ग्रीन और येलो में विभाजित करते हुए नई योजना तैयार की है। इस योजना के तहत हर जोन में अलग-अलग रूट आवंटित किए जाएंगे और किसी भी जोन के चयनित ई-रिक्शा को दूसरे जोन में चलने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इससे ट्रैफिक नियंत्रण में सुधार होगा और शहर में जाम की समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकेगा।
पुलिस प्रशासन की यह योजना नगर पालिका परिषद क्षेत्र में ई-रिक्शाओं के सुव्यवस्थित संचालन के साथ-साथ अवैध ई-रिक्शाओं पर नियंत्रण के लिए भी एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। एसएसपी के निर्देशानुसार, इस बैठक में शहर की जाम समस्या को लेकर सभी पक्षों के सुझाव और विचार लिए जाएंगे, ताकि सभी हितधारकों को शामिल करते हुए एक टिकाऊ समाधान निकाला जा सके।
यह पहल शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने और नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।










Discussion about this post