मेरठ। 16 अगस्त को इस्कॉन मंदिर, शास्त्री नगर के तत्वाधान में श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव राधा गोविन्द मंडप, गढ़ रोड में बड़े ही व्यवस्थित और धूमधाम से मनाया जाएगा। पूरे मंडप को इस्कॉन मंदिर के रूप में सजाया जाएगा, जहां भगवान श्री राधा कृष्ण के सुंदर दर्शन भक्तों के मन को मोह लेंगे।
मंदिर के प्रभारी नवीन गौर दास ने बताया कि मंडप के विभिन्न स्थानों पर भक्तों के लिए दर्शन की सहज व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं को कतार में चलकर झांकियों के दर्शन, भगवान का अभिषेक, झूला झूलाना, भगवान के मनोहर दर्शन और अंत में प्रसाद ग्रहण करने का मौका मिलेगा।
मुख्य मंच पर सुंदर फूल बंगले में भगवान गौर निताई, भगवान जगन्नाथ, बलदेव, सुभद्रा और श्री राधा कृष्ण विराजित होंगे। इस्कॉन के संस्थापक आचार्य श्रील प्रभुपाद के आशीर्वाद से हर वर्ष इस्कॉन गढ़ रोड, मेरठ में हजारों श्रद्धालुओं को भगवान के सुंदर दर्शन और नित्य प्रतिदिन प्रसाद वितरण का अवसर मिलता है। जन्माष्टमी के दिन भी व्रत का प्रसाद सभी दर्शनार्थियों को दिया जाएगा।
हरे कृष्ण महामंत्र के कीर्तन, नृत्य और भगवान के मनमोहक दर्शन के साथ जन्माष्टमी का आयोजन सभी भक्तों के लिए आनंददायक साबित होगा।











Discussion about this post