मुजफ्फरनगर। भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत के पुत्र गौरव टिकैत को बार-बार फोन कर पूरे टिकैत परिवार को बम से उडाने की धमकी दिए जाने से जनपद में सनसनी फैल गई है। आज पूरे दिन यह मामला जिले में चर्चा का विषय बना रहा। इस बीच चौधरी राकेश टिकैत ने गृह मंत्री अमित शाह को चिट्ठी लिखकर उत्तर प्रदेश के अलावा अन्य राज्यों में भी उनकी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने की मांग की है।
भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष नरेश टिकैत के पुत्र गौरव टिकैत को फोन पर टिकैत परिवार को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। नरेश टिकैत के बेटे गौरव टिकैत ने इस मामले में भौराकलां थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
बताया जा रहा है कि भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत के बेटे गौरव टिकैत के मोबाइल पर बीती रात धमकी भरी कॉल आई। गौरव टिकैत ने अपनी शिकायत में कहा है कि 7 बार कॉल की गई। पहले परिवार ने इसे शरारत समझा, लेकिन बार-बार कॉल आने की वजह से परिवार चौकन्ना हो गया और उसके बाद थाने पर तहरीर दी गई।
अपनी शिकायत में गौरव टिकैत ने कहा है कि होली वाले दिन यानी 8 मार्च को रात 9ः15 से 10ः00 तक काफी फोन कॉल आई। इस फोन कॉल को करने वाले व्यक्ति ने पूरे टिकैत परिवार को जान से मारने की धमकी दी। इसके साथ ही गौरव टिकट पर आरोप लगाया है कि फोन करने वाले व्यक्ति ने टेक्स्ट मैसेज पर गाली गलौज की।

इस बीच भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता और नेता राकेश टिकैत ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है और सुरक्षा की मांग की है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को लिखे पत्र में राकेश टिकैत ने कहा है, “गौरव टिकैत के फोन पर कॉल करने वाले व्यक्ति ने कहा कि आपने ठीक नहीं किया। आपने दिल्ली में किसान आंदोलन किया। आप लोग किसानों की बात करना बंद करो और पीछे हट जाओ। पीछे नहीं हटे तो आपके पूरे परिवार को बम से उड़ा दिया जाएगा।” नीचे क्लिक कर देखें वीडियो
राकेश टिकैत ने अपने पत्र में कहा कि पूरा परिवार किसानों और सामाजिकता की लड़ाई लड़ता रहेगा और पूरे देश में यात्रा भी करता रहेगा। उन्होंने गृहमंत्री से मांग की कि अन्य राज्यों में भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कराए जाएं और गृह मंत्रालय द्वारा इस मामले की जांच कराई जाए।










Discussion about this post