मुजफ्फरनगर। विकास प्राधिकरण (MDA) विकास क्षेत्र खतौली के अधिकारियों के साथ जुड़े एक कथित दलाल को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। एमडीए के अवर अभियंता राजीव कोहली ने नगर निवासी विनय जैन उर्फ किक्की के खिलाफ थाने में तहरीर देकर एमडीए के नाम पर अवैध वसूली करने का गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।
चर्चा है कि यह मामला “पानी सिर से ऊपर जाने” के कारण उजागर हुआ है, जिसके चलते एमडीए के अधिकारी को खुद यह कार्रवाई करने को विवश होना पड़ा।
अवैध वसूली का ‘मॉडलस ऑपरेंडी’-
अवर अभियंता राजीव कोहली ने अपनी तहरीर में विनय जैन पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
शिकायत के नाम पर उगाही: विनय जैन कथित तौर पर एमडीए में अवैध निर्माण की झूठी शिकायतें करने के नाम पर भवन या दुकान निर्माण करने वाले लोगों से अवैध वसूली करता था।
दूसरी किश्त: एक बार अवैध उगाही करने के बाद, विनय जैन द्वारा फर्जी नामों से शिकायतें करके निर्माणकर्ताओं से दूसरी किश्त भी वसूली जाती थी।
ब्लैकमेलिंग: आरोप है कि विनय जैन द्वारा फर्जी नामों से शिकायत किए जाने की जांच पड़ताल में इसका फर्जीवाड़ा पकड़ा गया। इसके अलावा, वह एमडीए के स्थानीय अधिकारियों और कर्मचारियों की झूठी शिकायतें आला अधिकारियों से करके उन पर नाजायज दबाव बनाता था।
समझौता प्रस्ताव: तहरीर में बताया गया है कि विनय जैन पहले शिकायत करता है, फिर निर्माणकर्ताओं से अवैध उगाही करके समझौता प्रस्ताव पेश करता है।
एमडीए कर्मचारियों की संलिप्तता की चर्चा-
कस्बे में यह भी चर्चा है कि विनय जैन के इस अवैध उगाही के ‘जीरे’ को एमडीए के कुछ कर्मचारियों द्वारा ही लगाया हुआ है।
उकसाना: कहा जा रहा है कि कहीं भी निर्माण कार्य होने पर एमडीए के कुछ कर्मचारियों द्वारा ही विनय जैन को इसकी शिकायत करने के लिए उकसाया जाता था।
रेफर करना: शिकायत के बाद जब पीड़ित एमडीए दफ्तर जाता था, तो उसे शिकायतकर्ता विनय जैन के पास रैफर कर दिया जाता था। इसके बाद विनय जैन एमडीए को ‘मैनेज’ करने के नाम पर पीड़ित से अवैध उगाही करता था।
फर्जी सिम: चर्चा यह भी है कि आरोपी विनय जैन किक्की ने फर्जी नाम से एक मोबाइल फोन का सिम लिया हुआ है, जिसका प्रयोग वह भवन निर्माण करने वालों को व्हाट्सएप मैसेज भेजकर ब्लैकमेल करने में करता है।
पूर्व में भी जा चुका है जेल-
उल्लेखनीय है कि नगर निवासी एक व्यक्ति को उसके निर्माण कार्य की शिकायत करके उससे अवैध वसूली का प्रयास करने पर विनय जैन पहले भी जेल जा चुका है।
अवर अभियंता राजीव कोहली की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके अपनी जांच पड़ताल शुरू कर दी है। दूसरी ओर, आरोपी विनय जैन की पत्नी ने अपने पति पर लगाए गए सभी आरोपों को निराधार बताकर इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से करने की बात कही है।










Discussion about this post