लीड्स : लीड्स टेस्ट में ऋषभ पंत की विस्फोटक बल्लेबाजी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। पहली पारी में 134 रन बनाने वाले पंत ने दूसरी पारी में भी शतक जड़ कर मैच में टीम इंडिया की स्थिति मजबूत कर दी। इसके साथ ही पंत ने लीड्स टेस्ट में रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। उन्होंने ऐसा कारनामा कर दिया है जो आज से पहले किसी भी भारतीय विकेटकीपर ने नहीं किया था। आइए जानते हैं क्या है वह रिकॉर्ड जो पंत ने बनाया है।
ऋषभ पंत ने लीड्स टेस्ट में बैक टू बैक शतक जड़ दिया। पहली पारी में 134 रन की पारी खेलने वाले पंत ने दूसरी पारी में भी 118 रन बनाए और टीम इंडिया को मैच में मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। पंत ने यह शतक 85 की स्ट्राइक रेट से बनाया।
पहली पारी में 134 रन बनाने वाले ऋषभ पंत ने दूसरी पारी में 140 गेंद में 118 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 15 चौके और 3 छक्के लगाए। उन्होंने 130 गेंद में अपनी सेंचुरी 13 चौके 2 छक्के की मदद से पूरी की।
ऋषभ पंत ने एक टेस्ट की दोनों पारी में शतक लगाकर इतिहास रच दिया। वह ऐसा करने वाले दुनिया के दूसरे और भारत के पहले विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले एंडी फ्लावर ने साल 2001 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ यह कारनामा किया था।
इंग्लैंड में एक टेस्ट की दोनों पारियों में शतक लगाने वाले ऋषभ पंत पहले भारतीय बल्लेबाज भी बन गए। आज से पहले यह कारनामा कोई भी भारतीय बल्लेबाज नहीं कर पाया था। वह दोनों पारियों में शतक लगाने वाले 7वें भारतीय बल्लेबाज भी बन गए हैं।
ऋषभ पंत का यह टेस्ट क्रिकेट में 8वां शतक है। इंग्लैंड के खिलाफ यह उनका 5वां और इंग्लैंड में यह उनका चौथा शतक है। इसके साथ ही उन्होंने कपिल देव के 8 टेस्ट शतक के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।
ऋषभ पंत ने चौथे विकेट के लिए केएल राहुल के साथ 195(283) रन की साझेदारी की। वह तब बल्लेबाजी करने आए थे जब चौथे दिन के पहले ही ओवर में शुभमन गिल को आउट कर इंग्लैंड ने टीम इंडिया पर दबाव बना दिया था।











Discussion about this post