शामली। शहर के मौहल्ला आज़ाद चौक में गुरुवार रात एक युवक पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया गया। हमलावरों ने न सिर्फ युवक को लाठी-डंडों और चाकुओं से वार किया , बल्कि जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार भी हो गए। घायल युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पीड़ित के भाई की तहरीर पर चार आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
मौहल्ला आज़ाद चौक निवासी हसीन पुत्र नफीस गुरुवार रात करीब 10 बजे अपने घर के बाहर खड़ा था। तभी उसी मोहल्ले के नवाजिश पुत्र नवाब, नवेद पुत्र नवाब, उमेश पुत्र बालू उर्फ इकबाल और अविश पुत्र फरीद वहां पहुंचे और हसीन के साथ गाली-गलौच करने लगे। देखते ही देखते चारों ने धारदार हथियारों, लाठी और डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से हसीन गंभीर रूप से घायल हो गया।
शोर सुनकर परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, जिन्हें देखकर हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। परिजनों ने घायल हसीन को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना के संबंध में हसीन के भाई जिशान ने शहर कोतवाली में तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने चारों नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।











Discussion about this post