मुजफ्फरनगर। पानीपत-खटीमा हाईवे पर हुए दर्दनाक हादसे में 69 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक सोनीपत से अपने छोटे भाई की तेरहवीं में शामिल होने के लिए जानसठ आया था। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, कस्बे की रामकृष्णापुरम कॉलोनी निवासी उदयभान शर्मा की बारह दिन पहले बीमारी के चलते मौत हो गई थी। सोमवार को उनकी तेहरवीं थी, जिसमें उनके बड़े भाई भारत भूषण शर्मा (69), पुत्र पूरनचंद शर्मा, अपने परिवार के साथ हरियाणा के सोनीपत से जानसठ पहुंचे थे।
रविवार देर शाम भारत भूषण हाईवे पर पैदल टहलने निकले थे। इसी दौरान गांव ढांसरी गेट के सामने कमल हॉस्पिटल के पास, मीरापुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
भारत भूषण की मृत्यु से पूरा परिवार सदमे में है। जिस दिन छोटे भाई की तेहरवीं होनी थी, उसी दिन बड़े भाई की भी मृत्यु की खबर से माहौल और गमगीन हो गया। सोमवार को भारी दुख और शोक के बीच उदयभान शर्मा की तेहरवीं की रस्म पूरी की गई।










Discussion about this post