मुजफ्फरनगर। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ के अध्यक्ष रौनक खत्री ने शनिवार को भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान चौधरी टिकैत ने उन्हें किसान भवन की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया।
रौनक खत्री ने राकेश टिकैत को अपना “आइडल” बताते हुए कहा, “मैं जो कुछ भी आज हूं, वो इनसे प्रेरणा लेकर ही बना हूं। दिल्ली यूनिवर्सिटी का छात्र संघ अध्यक्ष बनना मेरे लिए गौरव की बात है, और इस पद तक पहुंचने में टिकैत साहब की विचारधारा और संघर्ष से मुझे रास्ता मिला।”
मीडिया से बातचीत करते हुए रौनक खत्री ने कहा कि दिल्ली यूनिवर्सिटी आज बदलाव का केंद्र बन चुका है। “छात्रों ने 7 साल बाद एनएसयूआई को जीत दिलाकर एक स्पष्ट संदेश दिया है कि अब बदलाव की जरूरत है। चाहे वह पेयजल हो, बुनियादी ढांचे की समस्या हो या संकाय की कमी हो – ये सभी मुद्दे अब प्राथमिकता पर हैं, ”उन्होंने कहा।
रौनक खत्री ने बताया कि दिल्ली हाई कोर्ट में पिटिशन लगाकर वे पहले ही कई छात्रहित के मुद्दों को उठाते रहे हैं। उन्होंने दोहराया कि वे हमेशा छात्रों के साथ खड़े रहेंगे और हर उस आवाज़ को बुलंद करेंगे जो सुधार और हक की मांग करती है।
राजस्थान के छात्र नेता निर्मल चौधरी की गिरफ्तारी पर रौनक खत्री ने सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, “जब युवा सवाल करता है तो सरकार डरती है और उसे दबाने की कोशिश करती है। निर्मल की गिरफ्तारी युवाओं की ताकत से डर का प्रतीक है।”
रौनक खत्री ने कहा कि देश का भविष्य युवाओं और किसानों के कंधों पर टिका है। उन्होंने वादा किया कि जब भी राकेश टिकैत को उनकी ज़रूरत पड़ेगी, वह उनके साथ खड़े मिलेंगे, जैसा कि टिकैत हर आंदोलन में युवाओं के साथ खड़े होते हैं।
इस सम्मान समारोह में बड़ी संख्या में छात्र नेता और किसान यूनियन के कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि किसान और छात्र एकजुट होकर सामाजिक और राजनीतिक परिवर्तन की दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं।










Discussion about this post