मीरापुर। मीरापुर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मीट व्यापारी से 1.23 लाख रुपये की लूट में शामिल चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए और दो अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली-पौड़ी राजमार्ग स्थित सनी भट्ट तिराहा पर मीरापुर पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान छह संदिग्ध युवक आते दिखे। पुलिस ने जब उन्हें रोकने का इशारा किया तो वे भागने लगे। पुलिस ने पीछा करते हुए उन्हें उपाध्याय कैंटीन के पीछे घेर लिया। इस पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके पास से दो तमंचे, तीन जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, दो चाकू, एक बाइक और ₹90,000 की नकदी बरामद की गई।
गिरफ्तार बदमाशों की पहचान इस प्रकार हुई है:
- एजाज पुत्र इस्तखार (ग्राम कुकड़ा)
- सोहेल पुत्र इनाम (ग्राम कुकड़ा)
- नवाजिश उर्फ नज्जो पुत्र शमशाद (ग्राम तिस्सा, थाना भोपा)
- सारिक पुत्र साजिद (ग्राम बिलासपुर, नई मंडी, मुजफ्फरनगर)
थाना प्रभारी बबलू सिंह वर्मा ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने 4 जुलाई को मीट व्यापारी रिहान पुत्र मुजम्मिल से ₹1,23,000 की लूट की बात कबूली है। इस संबंध में पहले ही अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज था।
गिरफ्तार बदमाशों पर हत्या का प्रयास, एटीएम लूट, चोरी और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। उनका आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। फरार दो बदमाशों की तलाश में पुलिस जंगलों में कांबिंग कर रही है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।










Discussion about this post