मुजफ्फरनगर। आगामी मोहर्रम और कांवड़ यात्रा 2025 के मद्देनजर सहारनपुर रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) अभिषेक सिंह ने कानून व्यवस्था को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। एक महत्वपूर्ण ऑनलाइन गोष्ठी में परिक्षेत्र के सभी जनपदों के पुलिस अधिकारियों को साफ निर्देश दिए गए कि दोनों आयोजनों के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीआईजी ने कहा कि कांवड़ यात्रा और मोहर्रम धार्मिक रूप से अत्यधिक संवेदनशील आयोजन हैं, इसलिए प्रशासन को पूरी सतर्कता से काम लेना होगा। सभी जुलूस मार्गों का भौतिक सत्यापन शीघ्र पूरा करने और उन पर प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, तथा चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि ओवरसाइज्ड डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध लागू किया जाए, और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई हो। कांवड़ यात्रा के लिए यातायात डायवर्जन योजना पूर्व से तैयार करके उसका व्यापक प्रचार किया जाए ताकि श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो।
डीआईजी ने विशेष रूप से सोशल मीडिया पर नजर रखने को कहा और अफवाहों या भड़काऊ सामग्री फैलाने वालों पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी ज़ोर दिया कि पड़ोसी राज्यों और जिलों के अधिकारियों से तालमेल बनाकर सूचनाओं का नियमित आदान-प्रदान किया जाए ताकि किसी भी स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।










Discussion about this post