कैराना। यमुना में नहाते समय डूबे पानीपत के उबराखेड़ी निवासी तीन युवकों की तलाश दूसरे दिन भी गोताखोरों की मदद से जारी रही। 22 घंटे बाद गोताखोरों ने श्यामू का शव यमुना नदी से निकाल लिया। अन्य दो युवकों की तलाश शाम तक जारी रही। परिजनों ने हरियाणा के गोताखोर पर पैसे लेने के बाद भी तलाश न करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। कैराना पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत किया।
रविवार शाम करीब साढ़े चार बजे पानीपत के उबराखेड़ी वीरनगर काॅलोनी निवासी छह युवक यमुना नदी में स्नान करने के लिए आए थे। स्नान करने के दौरान 22 वर्षीय राकेश, 24 वर्षीय पिंटू व 22 वर्षीय श्यामू यमुना नदी के गहरे कुंड में डूब गए। राकेश के भाई राजेश व दो अन्य साथियों के शोर मचाने पर गोताखोरों ने यमुना नदी में डूबे युवकों की तलाश की, लेकिन रात तक भी पता नहीं चलने पर सर्च अभियान बीच में रोक दिया गया था।
सोमवार सुबह करीब नौ बजे से गोताखोरों ने फिर से यमुना में डूबे युवकों की तलाश की। दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे गोताखोरों ने यमुना में डूबे श्यामू के शव को बाहर निकाला, जबकि राकेश व पिंटू का शाम तक पता नहीं चल सका था। यमुना पुल पुलिस चौकी इंचार्ज राहुल देशवाल ने बताया कि एक युवक का शव बरामद हो गया है। दो अन्य युवकों की तलाश की जा रही है।
सोमवार दोपहर यमुना में डूबे तीनों युवकों का पता नहीं चलने पर परिजनों ने पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। यमुना में डूबे राकेश के भाई राजेश व अन्य लोगों ने आरोप लगाया कि हरियाणा पुलिस उनको यह कहकर टरका रही है कि मामला यूपी का है। इसके अलावा हरियाणा के एक प्राइवेट गोताखोर पर रुपये लेने के बाद भी तलाश नहीं करने का आरोप लगाया। इस दौरान लोगों ने यमुना पुल पर जाम लगाने का प्रयास किया। सूचना पर कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे तथा लोगों को समझाकर मामला शांत किया। इसके साथ ही छह अन्य प्राइवेट गोताखोरों को भी सर्च अभियान पर लगाया।
कैराना। यमुना नदी में डूबे राकेश के भाई राजेश ने बताया कि उसका भाई राकेश विवाहित है और उसके एक छोटी बेटी है। पिंटू की भी शादी हो चुकी है। उसके दो बेटी व एक बेटा है। श्यामू अविवाहित था और रिश्ते में उसका साला था। वे सभी लोग यूपी के जनपद गोंडा के मूल निवासी थे। उनके माता पिता बहुत साल पहले पानीपत आकर रहने लगे थे। सभी लोग पानीपत फैक्टरी में दरी बनाने की मशीन पर काम करते थे।











Discussion about this post