मुजफ्फरनगर। शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव तावली में सोमवार सुबह एक घर में गैस सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई। यह हादसा फारूक पुत्र हाशिम अली के मकान में सुबह करीब 10 बजे हुआ। गनीमत रही कि परिवार के ज्यादातर सदस्य उस समय घर में नहीं थे, इसलिए कोई जनहानि नहीं हुई।
बताया जा रहा है कि खाना बनाते समय सिलेंडर में गैस लीक होने के कारण आग लगी और उसके बाद जोरदार धमाका हुआ। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि पूरा गांव दहल गया। आग की लपटें इतनी भीषण थीं कि पास रखे दो अन्य सिलेंडरों ने भी आग पकड़ ली और वे भी एक के बाद एक फट गए।
हादसे में घर का सारा सामान, फर्नीचर और अन्य वस्तुएं जलकर राख हो गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। परिवार के सदस्य उस समय कब्रिस्तान में होने की वजह से सुरक्षित रहे।
पुलिस और दमकल अधिकारियों ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।










Discussion about this post