कैराना। रविवार शाम को शामली जिले के कैराना थाना क्षेत्र में कांधला के दो भाई कुरुक्षेत्र से पानीपत होते हुए कैराना आ रहे थे। आरोप है कि हरियाणा पुलिस के तीन सिपाहियों ने दोनों भाइयों के साथ मारपीट की।
कैटरिंग संचालक एक भाई विजय को हिरासत में ले लिया। सोमवार को सुबह विजय का शव सनौली पुलिस चोकी के पास यमुना पुल के नीचे मिला। परिजनों ने सनौली चौकी के तीन पुलिसकर्मियों पर हत्या का आरोप लगाया है। मामले में कार्रवाई की मांग की है।
कांधला के शेखजादगान निवासी अजय और विजय दो भाई शादी में कैटरिंग का काम करते थे। रविवार शाम दोनों भाई कुरुक्षेत्र से कांधला आ रहे थे। पानीपत से दोनों भाई टेंपो में बैठ गए। अजय ने बताया कि सनौली क्षेत्र में टोल प्लाजा के पास दोनों टेंपो में सवार थे।
हरियाणा के सनौली थाना क्षेत्र में टोल प्लाजा पर सनौली थाने के एक पुलिस कांस्टेबल ने उनको टेंपो से उतार कर मारपीट की। बाद में टेंपो जैसे ही यमुना पुल पर सनौली पुलिस से नाके पर पहुंचा तो सनौली थाने के तीन कांस्टेबलों में उसे और उसके भाई को टेंपो से नीचे उतार लिया तथा दोनों के साथ मारपीट की।
अजय ने बताया कि उसे सनौली पुलिस चौकी पर बंद कर दिया जबकि उसे भाई विजय मौके से भाग गया। अजय ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस कर्मियों ने उससे 15 हजार रुपये छीन लिए। पुलिसकर्मियों ने फोन करके उसके पिता अजब सिंह को भी बुला लिया तथा उससे भी रुपये लिए। जब उसने पुलिसकर्मियों से अपने भाई विजय के बारे में पूछा तो पुलिस ने बताया कि वह भाग गया। पूरी रात विजय का पता नहीं चला।
वहीं सोमवार सुबह सनौली पुलिस चौकी के पास यमुना पुल से नीचे विजय का शव मिला। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे तथा हरियाणा पुलिस पर आरोप लगाया कि विजय को पुल से नीचे धक्का देकर मार दिया। तीन पुलिसकर्मियों पर हत्या का आरोप लगाया।
सनौली पुलिस पर हत्या का आरोप लगाते हुए कांधला के लोगों ने पानीपत खटीमा हाईवे पर सनौली पुलिस चौकी के पास जाम लगा दिया। आरोप था कि आरोपी पुलिसकर्मियों पर तुरंत मामला दर्ज होना चाहिए। वरना वह अधिकारियों के कार्यालय पर भी धरना देने को बाध्य होंगे।











Discussion about this post