शामली। जिला अस्पताल में तीन दिन पहले मृत महिला के कानों से सोने के कुंडल चोरी करने के आरोपी वार्ड ब्वॉय की सेवा समाप्त कर दी गई है। अस्पताल के सीएमएस ने आउटसोर्सिंग ठेकेदार को पत्र भेजकर सेवा समाप्ति की संस्तुति की है।
बाबरी थानाक्षेत्र के गांव हिरनवाड़ा निवासी प्रवीण पुंडीर की पुत्री श्वेता की शादी जिला अलीगढ़ के थाना अतरौली के गांव जामुना निवासी सचिन के साथ हुई थी।। वह कुछ दिन से मायके में आई हुई थी। तीन दिन पहले शनिवार सुबह अपने भाई सौरभ के साथ बाइक से मेरठ जा रही थी। रास्ते में भाजू नहर चौराहा पर बस की टक्कर लगने से श्वेता गंभीर घायल हो गई थी। जिला अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था।। अस्पताल में महिला के कुंडल गुम होने पर परिजनों ने हंगामा किया था। तलाश के बाद एक कुंडल इमरजेंसी कक्ष में फर्श पर पड़ा हुआ मिला था, जबकि दूसरा कुंडल नहीं मिला था। मृतका के पति की तरफ से आदर्श मंडी थाने पर शव से कुंडल चोरी करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने रविवार को कुंडल चोरी करने के आरोपी वार्ड बॉय को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर दूसरा कुंडल बरामद कर चालान कर दिया था। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. किशोर कुमार आहूजा ने बताया कि आरोपी वार्ड बॉय की सेवा समाप्त की संस्तुति कर आउट सोर्सिंग ठेकेदार को पत्र भेज दिया गया है।











Discussion about this post