मुजफ्फरनगर। शाहपुर कन्या इंटर कॉलेज में आज भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा का आयोजन बड़े ही गरिमामय और उत्साहपूर्ण ढंग से किया गया। इस महत्वपूर्ण अवसर पर विद्यालय की सभी छात्राएँ पूरी क्षमता से उपस्थित रहीं और परीक्षा में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विद्यालय परिसर में सुबह से ही छात्राओं में इस परीक्षा को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। इस परीक्षा का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्राचीन परम्पराओं, कला, साहित्य, संगीत, नृत्य, योग, धर्म तथा सामाजिक मूल्यों की विस्तृत जानकारी देना था। प्रश्नपत्र में भारतीय इतिहास, संस्कृति, धर्म, महापुरुषों के जीवन, लोककलाओं और लोक परंपराओं से जुड़े विषयों को शामिल किया गया था।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती उषा अस्थाना ने इस आयोजन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस प्रकार की परीक्षाएं छात्राओं में अपने देश की परम्पराओं और संस्कारों के प्रति गर्व की भावना उत्पन्न करती हैं।
उन्होंने कहा, “आज के युग में जब पाश्चात्य संस्कृति का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है, ऐसे में भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा हमारे विद्यार्थियों को अपनी जड़ों से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम है।
इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिकाएं एवं छात्राएं उपस्थित रहीं। शिक्षिकाओं ने छात्राओं को भारतीय संस्कृति के विभिन्न पहलुओं पर प्रेरणादायक संदेश दिए। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की वरिष्ठ अध्यापिका रिंकी रानी ने सफलतापूर्वक किया।
परीक्षा के अंत में सभी छात्राओं ने संकल्प लिया कि वे अपने दैनिक जीवन में भारतीय परम्पराओं, संस्कारों और सभ्यता को अपनाकर समाज में आदर्श प्रस्तुत करेंगी।
विद्यालय प्रबंधन ने घोषणा की है कि परीक्षा परिणाम आगामी सप्ताह में घोषित किए जाएंगे और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा।










Discussion about this post