मुजफ्फरनगर। मंसूरपुर क्षेत्र में शनिवार सुबह एक तेज रफ्तार स्कूल बस की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत मेरठ रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद पुलिस ने स्कूल बस को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है।
तेज रफ्तार के चलते हुआ हादसा-
पुरबालियान स्थित वनस्थली पब्लिक स्कूल की बस शनिवार सुबह मुबारिकपुर गाँव से बच्चों को लेकर स्कूल लौट रही थी। बताया जा रहा है कि देरी के कारण चालक बस को बहुत तेज़ गति से चला रहा था।
जैसे ही बस मुबारिकपुर बाईपास चौराहे के पास पहुंची, तभी गांव निवासी मनीष त्यागी पुत्र जीत अपनी बाइक से चौराहा पार कर रहा था। तेज रफ्तार बस ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक काफी दूर तक बस के आगे घिसटती चली गई, जिससे जीत गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल मेरठ रेफर, बस जब्त-
मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल जीत को तत्काल बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां उनकी नाजुक हालत देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें मेरठ रेफर कर दिया।
दुर्घटना के बाद पुलिस ने स्कूली बस को थाने में खड़ा करवा दिया और चालक को हिरासत में ले लिया। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक इस मामले में थाने में कोई तहरीर दर्ज नहीं कराई गई थी।
ग्रामीणों ने स्कूल प्रशासन पर उठाए सवाल-
हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने स्कूल प्रशासन और बस चालक पर घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए भारी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि स्कूली वाहनों की रफ्तार पर कोई नियंत्रण नहीं है, जिससे आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि स्कूल वाहनों की नियमित जांच, गति नियंत्रण और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।










Discussion about this post