शामली। त्रिवेणी ग्रुप की अपर दोआब शुगर मिल, जनपद शामली ने पेराई सत्र 2024-25 का किसानों का सम्पूर्ण गन्ना भुगतान कर दिया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि की जानकारी मिल प्रबंधन ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से दी। प्रेस वार्ता में मिल के यूनिट हेड प्रदीप कुमार सालार ने बताया कि इस सत्र में खरीदे गए गन्ने का लगभग 317 करोड़ रुपये का भुगतान समितियों और किसानों को कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि इस समय शुगर मिल द्वारा गन्ना विकास कार्यक्रम को भी तेज़ी से आगे बढ़ाया जा रहा है। इसके तहत गन्ना उन्नति केंद्र पर किसानों के लिए कीटनाशक दवाइयां अनुदानित दरों पर उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि किसान कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त कर सकें।
प्रदीप कुमार सालार ने कहा कि आगामी पेराई सत्र को सुचारु रूप से शुरू करने के लिए शुगर मिल में मशीनों की मरम्मत और रखरखाव का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। मिल का लक्ष्य है कि अगला पेराई सत्र 70 से 72 हजार क्विंटल प्रति दिन की क्षमता से संचालित किया जाए, जिससे सभी किसानों का गन्ना समय पर खरीदा जा सके और भुगतान में किसी प्रकार की देरी न हो।
यूनिट हेड ने बताया कि वर्तमान में गन्ना विभाग द्वारा सर्वेक्षण कार्य चल रहा है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपना गन्ना सट्टा समय रहते दुरुस्त करा लें। यह किसानों के लिए अपने बेसिक कोटे को बढ़ाने का बेहतरीन अवसर है।
मिल प्रशासन ने जानकारी दी कि पिछले वर्ष बंद हुए 30 गन्ना क्रय केंद्रों को फिर से अपर दोआब शुगर मिल में शामिल कराने के लिए गन्ना आयुक्त को प्रस्ताव भेजा गया है। इससे अधिक संख्या में किसानों को सीधे लाभ मिलेगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ए.पी.एस. सरोहा, सतीश बालियान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने मिल के समर्पित प्रयासों की सराहना की और किसानों से मिल के विकास कार्यक्रमों का भरपूर लाभ उठाने की अपील की।











Discussion about this post