मुरादाबाद : मुरादाबाद के मैनाठेर क्षेत्र में सायरा की चाकुओं से गोदकर नृशंस हत्या कर दी गई। उसका रक्तरंजित शव मक्के के खेत में मिला। मां की शिकायत पर गांव के युवक रफी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। एसएसपी सतपाल अंतिल ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
मुरादाबाद के मैनाठेर क्षेत्र से रविवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। शनिवार शाम से लापता चल रही सायरा (20) का शव गांव के ही पास मक्का के खेत में खून से सना हुआ मिला। युवती की चाकू से गोदकर नृशंस हत्या की गई थी। पूरे शरीर पर चाकू के कई गहरे वार थे। यह वारदात इतनी खौफनाक थी कि शव की हालत देखकर ग्रामीणों की रूह कांप उठी।
मौके पर पहुंची युवती की मां की चीख सुनकर गांवभर में मातम छा गया। घटना ग्राम मिलक मैनाठेर की है। यहां के निवासी आले हसन की बेटी सायरा शनिवार शाम को घर से पशुओं के लिए घास काटने जंगल की ओर गई थी। जब देर रात तक वह घर नहीं लौटी तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
रविवार सुबह करीब 11 बजे उसकी मां शफीना उसे खोजते हुए नरौदा रोड स्थित मंदिर के पास जब्बार के मक्का के खेत में पहुंची। जहां उन्होंने सायरा का खून से लथपथ शव देखा। कपड़े भी पूरी तरह खून में सने थे। इसे देख मां के होश उड़ गए और उनकी चीख-पुकार से गांव में सनसनी फैल गई।
शव मिलने की खबर पर गांव के लोग घटनास्थल पर जुट गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मुरादाबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सतपाल अंतिल खुद मौके पर पहुंचे और घटना की बारीकी से जानकारी ली। उन्होंने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और फुटेज तैयार की।
मृतका की मां शफीना ने पुलिस को दी गई तहरीर में गांव के ही युवक रफी पर हत्या का आरोप लगाया है। मां का कहना है कि रफी उनकी बेटी सायरा को लंबे समय से परेशान कर रहा था। वह उसे प्रेम जाल में फंसाना चाहता था और मना करने पर धमकी भी देता था। शफीना ने दावा किया कि रफी ने पहले भी सायरा को जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस ने शफीना की तहरीर पर आरोपी रफी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।
हत्या की जांच के लिए पुलिस ने तीन अलग-अलग टीमें गठित की हैं। इसके साथ ही एसओजी को भी जांच में लगाया गया है। एसएसपी ने बताया कि जल्द ही हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और घटना का खुलासा किया जाएगा।
निर्मम हत्या के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है। खासकर महिलाओं और लड़कियों में डर और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर उसे कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।











Discussion about this post