मुजफ्फरनगर। समाजवादी पार्टी (SP) के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को SDM निकिता शर्मा से मुलाकात की और उन्हें खतौली में चल रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रोसेस के तहत वोटर रजिस्ट्रेशन फॉर्म भरने में लोगों को आ रही दिक्कतों के बारे में एक मेमोरेंडम दिया। SP ने आरोप लगाया कि कुछ BLO सही जानकारी नहीं दे रहे हैं, जिससे वोटरों में कन्फ्यूजन हो रहा है और लोग फॉर्म भरवाने के लिए पढ़े-लिखे लोगों और नेताओं के पास भाग रहे हैं।
ज्ञापन देने वालों में अभिषेक गोयल एडवोकेट, आशीष राणा एडवोकेट, दानिश काज़ी समेत कई सपाई शामिल रहे। उन्होंने बताया कि 4 नवंबर से शुरू हुई SIR प्रक्रिया के 13 दिन बीत जाने के बावजूद बीएलओ द्वारा सहयोग न मिलने से मतदाता परेशान हैं।
एसडीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण-
इस गंभीर शिकायत के बाद, एसडीएम एवं निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी निकिता शर्मा ने तुरंत कार्रवाई की। उन्होंने गांव खांनोपुर, बौपाड़ा और नावाला आदि में स्थलीय निरीक्षण किया। एसडीएम ने बीएलओ के साथ बैठकर फॉर्म भरने से लेकर पोर्टल पर अपलोड करने तक की प्रक्रिया की विस्तृत समीक्षा की और कार्य में तेज़ी लाने के कड़े निर्देश दिए।
एसडीएम निकिता शर्मा ने सपाइयों को आश्वासन दिया कि पुनरीक्षण कार्य को और बेहतर ढंग से सम्पन्न कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि वह प्रतिदिन कार्य की प्रगति की समीक्षा कर रही हैं और सभी सुपरवाइजर व बीएलओ को वोटरों की शंकाओं का निदान करने और सहयोग करने के लिए निर्देशित किया गया है।
लापरवाही बर्दाश्त नहीं-
एसडीएम निकिता शर्मा ने स्पष्ट चेतावनी दी कि सभी बीएलओ निर्धारित समय सीमा में अपने प्रपत्र सही ढंग से भरकर तुरंत पोर्टल पर अपलोड करें। उन्होंने कहा, “लक्ष्य शत प्रतिशत प्रपत्र वितरण का है। इस कार्य में किसी प्रकार की कोताही कदापि बर्दाश्त नहीं की जायेगी।” उन्होंने लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्यवाही अमल में लाने की चेतावनी भी दी, क्योंकि इस प्रक्रिया को पारदर्शिता के साथ समय पर पूरा कराना शासन की पहली प्राथमिकता है।










Discussion about this post