शामली। जिलाधिकारी शामली अरविंद कुमार चौहान ने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार दिव्यांग बच्चों के चिन्हांकन हेतु 10 जून 2025 से जनपद शामली में विशेष अभियान प्रारम्भ किया जा रहा है। इस अभियान के अन्तर्गत विकास खण्ड स्तर पर कैम्प आयोजित किये जायेंगे, जिसमें दिव्यांग बच्चों का चिकित्सीय परीक्षण कर उन्हें प्रमाण पत्र, यूडीआईडी कार्ड, सहायक उपकरण एवं अन्य योजनाओं का लाभ प्रदान किया जायेगा।
शिविरों का आयोजन प्रातः 10:30 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक निम्न तिथियों पर किया जाएगा:
10 जून: विकास खण्ड शामली
11 जून: थानाभवन
12 जून: ऊन
13 जून: कांधला
19 जून: कैराना
मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा गठित मेडिकल बोर्ड द्वारा दिव्यांग प्रमाण पत्र और यूडीआईडी कार्ड जारी किए जाएंगे। साथ ही, आवश्यकता अनुसार ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, कान की मशीन, ब्रेल किट, स्मार्ट केन, कृत्रिम अंग आदि भी वितरित किए जाएंगे।
शिविर में पंजीकरण हेतु लाभार्थियों को आय प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, दिव्यांगता प्रमाण पत्र (यदि हो), शैक्षिक दस्तावेजों की छायाप्रति तथा 2 पासपोर्ट साइज फोटो लाना अनिवार्य है।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शिविरों में सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित कराई जाएं ताकि अधिक से अधिक दिव्यांग बच्चे इस योजना से लाभान्वित हो सकें।











Discussion about this post