मेरठ। भूनी गांव स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय से लापता कक्षा सात की तीन छात्राओं के तलाशने के बाद शनिवार को उनके बयान दर्ज कराए गए। इसके बाद उन्हें परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। डीएम ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए वार्डन रीना और पूर्णकालिक शिक्षिका बिंदिया की सेवा समाप्त कर दी थीं। दोनों के खिलाफ बीएसए की ओर से लापरवाही की एफआईआर दर्ज कराई गई है।
विद्यालय की सातवीं कक्षा की तीन छात्राओं को प्रभारी वार्डन ने बृहस्पतिवार को छात्रा को फोन पर बात करते हुए पकड़ लिया था। इस पर तीनों छात्राओं से बात की थी। इसी दौरान वार्डन के व्यस्त होने पर छात्राएं वहां से चुपके से बाहर निकल गईं। शुक्रवार रात 11 बजे तीनों छात्राएं शहर के मेडिकल थाना क्षेत्र अंतर्गत जागृति विहार के पास जयभीमनगर में आंबेडकरनगर से मिल गईं। छात्राओं की तलाश के लिए पांच टीमों को लगाया गया था। वार्डन रीना ने सरूरपुर थाने पर छात्राओं के लापता होने के मामले में बीएनएस की धारा 137(2) अपहरण का मामला दर्ज कराया। सरूरपुर बीईओ अजय कुमार को सरूरपुर ब्लॉक और विद्यालय में तैनात दो महिला होमगार्ड को हटा दिया गया है। बीएसए आशा चौधरी और जिला कॉर्डिनेटर बालिका शिक्षा नेमपाल सिंह से स्पष्टीकरण मांगा है। यदि दोषी पाए गए तो उनकी भी सेवा समाप्त की जाएगी। डीएम ने सीडीओ नूपुर गोयल और एडीएम प्रशासन बलराम सिंह को मामले की जांच सौंपी है।
कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में घोर लापरवाही के मामले में सिक्योरिटी व सीसीटीवी होने के बावजूद तीन छात्राओं के लापता होने के मामले को राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. मीनाक्षी भराला ने गंभीरता से लिया है। शनिवार को उन्होंने तीनों छात्राओं से मुलाकात की। डॉ. मीनाक्षी भराला का कहना है कि वह मामले की रिपोर्ट सरकार को भेजेंगी।
मुख्य विकास अधिकारी के निर्देश पर शनिवार को जिला पंचायत राज अधिकारी रेनू श्रीवास्तव ने कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय पूर्वा अहिरान का निरीक्षण किया। इस दौरान शौचालय की शीट टूटी हुई पाई गई। जिला पंचायत राज अधिकारी द्वारा कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय पूर्वा अहिरान मेरठ के निरीक्षण के समय प्रभारी वार्डन अम्बिका, लेखाकार आरती, खंड शिक्षा अधिकारी जयप्रकाश सिंह आदि उपस्थित रहे। विद्यालय में कुल 15 कर्मचारी नियुक्त हैं, जिसमें मेन वार्डन का ट्रांसफर सरूरपुर खुर्द हो गया है एवं एक अध्यापिका अवकाश पर मिली। प्रभारी वार्डन ने बताया कि पूर्णकालिक अध्यापिका 24 घंटे विद्यालय में ही रहती है तथा डॉरमेटरी में छात्राओं के साथ निवास करती हैं। निरीक्षण के समय सीसीटीवी चालू मिले। संस्था में वर्तमान में 51 छात्रा रह रही हैं।











Discussion about this post