मेरठ। मेरठ के लोहियानगर थाना क्षेत्र के फफूंडा गांव में मंगलवार शाम दिल दहला देने वाली घटना हुई। गांव के पास स्थित पुलिस चौकी के बिल्कुल नजदीक सड़क किनारे एक युवक की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 50 वर्षीय गजेंद्र के रूप में हुई है, जो पेशे से ऑटो चालक था।
हैरानी की बात यह रही कि वारदात स्थल से कुछ ही दूरी पर स्थित स्विमिंग पूल ऑफिस में पुलिसकर्मी एसी की ठंडी हवा का आनंद ले रहे थे, और उन्हें कई घंटे बाद हत्या की जानकारी मिली।
मृतक के छोटे भाई पिंटू ने गांव के ही एक ऑटो मैकेनिक विपिन के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। FIR के अनुसार, मंगलवार शाम विपिन किसी बहाने से गजेंद्र को अपने साथ थ्री-व्हीलर में बैठाकर ले गया था। बाद में दोनों ने पुलिस चौकी के पास बैठकर शराब पी। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई और विपिन ने लोहे की रॉड से गजेंद्र के सिर पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने पिंटू की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी विपिन को गिरफ्तार कर लिया और उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की असली वजह क्या थी।











Discussion about this post