मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देश पर उपजिलाधिकारी सदर निकिता शर्मा के नेतृत्व में पुरकाजी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की गई, जिसमें प्रशासन ने मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण व जिला पंचायत की अनुमति के बिना करीब 6 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई में नायब तहसीलदार अमित कुमार, राजस्व विभाग, पुरकाजी थाना पुलिस टीम व भारी संख्या में फोर्स मौजूद रही।
प्रशासन को लंबे समय से इस अवैध कॉलोनी को लेकर शिकायतें मिल रही थीं। जाँच के बाद पाया गया कि उक्त भूमि पर बिना किसी वैध स्वीकृति के कॉलोनी विकसित की जा रही थी। उप जिलाधिकारी निकिता शर्मा ने बताया कि तहसील क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध कॉलोनी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इसी संकल्प के साथ यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि सदर तहसील क्षेत्रांतर्गत अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इस अभियान का उद्देश्य शहरी विकास की दिशा में पारदर्शिता और नियमानुसार व्यवस्था कायम करना है। साथ ही एसडीएम सदर द्वारा अवैध कॉलोनी काटने वाले भू-माफियाओं को चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसी अवैध गतिविधियों पर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।










Discussion about this post