मुजफ्फरनगर। खतौली थाना क्षेत्र के चितौड़ा गांव में रविवार रात एक दर्दनाक हादसे में एक बुजुर्ग की जान चली गई। 60 वर्षीय अनूप सिंह पर एक उग्र आवारा सांड ने अचानक हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। कुछ महीने पहले ही उन्होंने अपने जवान बेटे को सड़क दुर्घटना में खोया था। बेटे की असमय मौत के बाद से ही वह गहरे सदमे में थे। अब इस घटना ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 11:30 बजे अनुप सिंह पुत्र दल सिंह अपने घर के बाहर टहल रहे थे। तभी अचानक एक उग्र सांड ने उन पर हमला बोल दिया। सांड की नुकीली सींग उनके पेट में जा धंसी और हमला इतना जबरदस्त था कि वह वहीं गिर पड़े। आसपास के लोगों और परिजनों ने जब तक उन्हें देखा, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
बताया गया है कि अनुप सिंह का बेटा भारतीय सेना में तैनात था और करीब चार महीने पहले एक सड़क हादसे में उसकी भी मृत्यु हो गई थी। बेटे की मौत ने अनुप सिंह को भीतर से तोड़ दिया था। वह चुपचाप रहने लगे थे और समाजिक मेलजोल से भी दूरी बना ली थी। सोमवार सुबह शोकाकुल माहौल में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। परिजनों ने किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया।
घटना के बाद गांव में मातम और गुस्से का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में लंबे समय से आवारा गोवंश खुलेआम घूम रहे हैं और कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। ग्रामीणों ने मांग की है कि खतरनाक सांडों को तुरंत पकड़ा जाए, ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की, तो वे प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। गांव चितौड़ा में इस घटना के बाद भय और गम का माहौल गहराया हुआ है।










Discussion about this post