शराब से लिवर सड़ सकता है, ये बात तो हम सभी जानते हैं लेकिन क्या आपको पता है कि आपकी कुछ गलत आदतों की वजह से बिना शराब पिए भी आपका लिवर खराब सकता है.
नॉन-अल्कॉहलिक फैटी लिवर डिजीज (NAFLD) एक ऐसी ही स्थिति है जिसमें बिल्कुल शराब ना पीने वाले लोगों के लिवर में फैट जमा हो जाता है.
लंबे समय तक यह फैट फैटी लिवर की बीमारी में बदल जाता है और लिवर को डैमेज करने लगता है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, गांवों की तुलना में शहरी इलाकों में कैलोरी-फैट से भरपूर भोजन की पहुंच और आलस भरी जीवनशैली की वजह से यह स्थिति और भी भयावह है.
NAFLD शुरुआत में आमतौर कोई नुकसान नहीं करता, लेकिन अगर स्थिति बिगड़ जाए तो इससे लिवर गंभीर रूप से डैमेज हो सकता है जिसमें लिवर सिरोसिस की बीमारी भी शामिल है.
फैटी लिवर रोग अक्सर शुरुआती चरणों में बिना किसी स्पष्ट लक्षण के चुपचाप बढ़ता है. हालांकि जैसे-जैसे कंडीशन बिगड़ती है, आपका शरीर कुछ संकेत देने लगता है.
कुछ सामान्य लक्षणों में पेट में दर्द या पेट के ऊपरी दाहिने हिस्से में भारीपन का अहसास होना शामिल है.
इसके अलावा थकान, पैरों या पेट में सूजन (एडिमा), पीलिया (त्वचा और आंखों का पीला पड़ना) और भूख न लगना भी शामिल हो सकते हैं.
बिना किसी वजह से वजन कम होना, भ्रम की स्थिति या फिर ध्यान केंद्रित करने में कठिनाई भी इसके लक्षणों में शामिल है.
खबर में बताई गई चीजें सामान्य जानकारी पर आधारित हैं. अमल में लाने से पहले कृपया अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर करें.











Discussion about this post