हरिद्वार। बहादराबाद टोल प्लाजा पर गुरुवार को भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच जमकर हंगामा हुआ। किसान स्मार्ट मीटर लगाने के विरोध में ऊर्जा निगम का घेराव करने देहरादून जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें टोल प्लाजा पर ही रोक लिया। इस दौरान किसानों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और झड़प भी हुई। आरोप है कि किसानों ने ट्रैक्टर से बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया।
स्थिति बिगड़ते ही किसान वहीं धरने पर बैठ गए। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है और रुड़की की ओर से आने वाले वाहन चालकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। धरना स्थल पर किसानों ने पानी के टैंकर और खाने-पीने का इंतजाम भी कर लिया है। बताया जा रहा है कि मुजफ्फरनगर समेत अन्य जिलों से भी किसान मौके पर पहुंचने लगे हैं।
भाकियू टिकैत हरिद्वार के जिलाध्यक्ष राजीव शास्त्री ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण तरीके से कूच कर रहे किसानों पर पुलिस ने लाठियां बरसाईं, जिससे 10–15 किसान गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर पुलिस कार्रवाई की निंदा की। उन्होंने कहा, “किसानों पर हर एक लाठी का जवाब लिया जाएगा। जोर-जुल्म की टक्कर पर संघर्ष हमारा नारा है।”
वहीं, एसपी देहात शेखर सुयाल ने लाठीचार्ज से इनकार किया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने केवल हल्का बल प्रयोग कर स्थिति को नियंत्रित किया और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश की। उनके मुताबिक, दो किसानों के घायल होने की जानकारी है।











Discussion about this post