मेरठ। कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों शिवभक्तों की सेवा में कोई कमी न रह जाए, इसके लिए जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने कमान संभाल ली है। विकास भवन सभागार में आयोजित जिला स्तरीय खाद्य सुरक्षा सलाहकार समिति की बैठक में डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ मार्ग पर मिलने वाले हर खाद्य और पेय पदार्थ की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।
डीएम ने कहा कि इस पावन यात्रा के दौरान भक्तों को शुद्ध और सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए ढाबों, होटलों, कैंटीनों और मिठाई की दुकानों पर नियमित जांच और सख्त निगरानी की जाएगी।
डॉ. सिंह ने निर्देश दिए कि कांवड़ मार्ग पर स्थित हर ढाबे और होटल पर रेट लिस्ट प्रमुख स्थान पर चस्पा की जाए, जिससे यात्रियों को सही दाम पर भोजन मिले और कोई ठगी न हो सके।
बैठक में खाद्य सुरक्षा विभाग को यह भी निर्देशित किया गया कि हर खाद्य कारोबारी को खाद्य लाइसेंस या पंजीकरण कराना अनिवार्य किया जाए। बिना लाइसेंस काम करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
केवल कांवड़ मार्ग ही नहीं, जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, शिक्षण संस्थानों की कैंटीन और मिठाई की दुकानें भी नियमित जांच के दायरे में होंगी। जूस बेचने वाले, फल विक्रेता और ठेले भी जांच की जद में लाए जाएंगे।
डॉ. सिंह ने कहा, “कांवड़ यात्रा श्रद्धा और सेवा का संगम है। इस यात्रा में कोई मिलावटखोर या नियम उल्लंघनकर्ता बख्शा नहीं जाएगा।”











Discussion about this post