मेरठ। मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र के रिठानी इलाके में हाईटेक चोरी की घटना सामने आई है। दिल्ली रोड स्थित श्रीराम इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम की तीसरी मंजिल पर एयरटेल कंपनी का 5G टावर लगा हुआ था, जहां से रात में चोर 3 लाख रुपये कीमत का रिमोट रेडियो डिवाइस (RRU) चुरा ले गए।
जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात करीब डेढ़ बजे चार युवक एक कार से पहुंचे। उन्होंने शोरूम के बराबर में स्थित बबलू दीक्षित के मकान की छत पर चढ़कर शोरूम की छत तक पहुंच बनाई। फिर लोहा काटने की मशीन से एयरटेल टावर में लगी डिवाइस को काटकर चोरी कर लिया।
चोरी के तुरंत बाद चोर उसी रास्ते से नीचे उतरे और कार में बैठकर फरार हो गए। डिवाइस चोरी होते ही इलाके में एयरटेल का नेटवर्क गायब हो गया। उपभोक्ताओं की शिकायतें कंपनी के मुख्यालय पहुंचीं, जिसके बाद टेक्निशियन जोगेंद्र सिंह को मौके पर भेजा गया। जांच में डिवाइस गायब मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मौके से पुलिस को लोहा काटने की मशीन के ब्लेड और आरी के ब्लेड भी बरामद हुए हैं। टेक्निशियन के मुताबिक, चोरी गई डिवाइस की कीमत करीब तीन लाख रुपये है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की मदद से चोरों की पहचान में जुटी है। एएसपी अंतरिक्ष जैन ने बताया कि चोरों की पहचान के प्रयास जारी हैं, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।











Discussion about this post