मुजफ्फरनगर। दिल्ली–पौड़ी राजमार्ग पर ग्राम पुट्टी इब्राहिमपुर के समीप गुरुवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जब गन्ने से लदा अनियंत्रित ट्रक सामने से आ रही कार पर पलट गया। हादसे में सहारनपुर निवासी दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
सहारनपुर के रहने वाले जुनेद व सुहैल पुत्रगण मेहमूद एक शादी समारोह में शामिल होकर संभल से वापस लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार रामराज थाना क्षेत्र के पुट्टी इब्राहिमपुर के पास पहुँची, सामने से आ रहा गन्ने से भरा ट्रक ओवरटेक करने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सीधा कार पर पलट गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक कार को पूरी तरह दबोचता हुआ ऊपर गिरा, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक अंदर ही फँस गए।
घटना की सूचना मिलते ही मीरापुर व रामराज पुलिस मौके पर पहुँच गई। क्षेत्राधिकारी जानसठ यतेंद्र सिंह नागर ने क्रेन मंगाकर ट्रक को हटवाया और कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। दोनों युवकों को गंभीर हालत में एंबुलेंस द्वारा जिला अस्पताल भेजा गया, जहाँ उनका उपचार जारी है। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि दोनों की स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है।
हादसे के बाद राजमार्ग पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया, जिससे यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने ट्रक और कार को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि टिकोला शुगर मिल क्षेत्र से गन्ने से भरे बड़े ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की अव्यवस्थित आवाजाही लंबे समय से दुर्घटनाओं की वजह बनी हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।










Discussion about this post