मेरठ। मेरठ के सरधना थाना क्षेत्र के नवाबगढ़ी गांव में दो मासूम बच्चों की हत्या की खबर ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। हत्या के पीछे तांत्रिक क्रिया का शक है, जिससे गांव में डर और दहशत का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक ने तीन महीने पहले 11 वर्षीय रिहान को अगवा किया था। परिजन तब से उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया। बीते दो दिन पूर्व आरोपी ने इसी गली के 14 वर्षीय उवैश की हत्या कर दी।
जब पुलिस ने संदेह के आधार पर आरोपी को हिरासत में लिया और सख्ती से पूछताछ की, तो उसने उवैश की हत्या स्वीकार कर ली। शव बरामद कर लिया गया है। आरोपी के घर से रिहान के कपड़े और बाल मिलने पर पुलिस को आशंका है कि उसकी भी हत्या कर दी गई थी, हालांकि अभी उसका शव बरामद नहीं हो सका है।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने बताया कि आरोपी मानसिक रूप से असंतुलित प्रतीत हो रहा है, लेकिन अंतिम पुष्टि मेडिकल परीक्षण और विस्तृत जांच के बाद ही होगी।
घटनास्थल से मिले सामान और बच्चों के शवों की स्थिति को देखकर प्रथम दृष्टया मामला तांत्रिक गतिविधियों से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और लोगों से अफवाह न फैलाने की अपील की गई है। मृत बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मामले में हत्या और अपहरण सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।











Discussion about this post