मुजफ्फरनगर। फीस न भर पाने से हताश होकर आत्महत्या करने वाले बीए द्वितीय वर्ष के छात्र उज्ज्वल राणा के परिवार को अब समाज और प्रशासन, दोनों से सहयोग मिल रहा है। 7,000 रुपये की फीस न चुका पाने के कारण 8 नवंबर को खुद को आग लगाने वाले और बाद में इलाज के दौरान दम तोड़ने वाले उज्ज्वल राणा के परिवार को लाखों रुपये की आर्थिक मदद मिल रही है।
सोमवार को बुढ़ाना के डीएवी कॉलेज में एक विशाल पंचायत का आयोजन किया गया। इस पंचायत में प्रशासनिक अधिकारियों से लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधि और खाप नेता मौजूद रहे। इस दौरान उज्ज्वल के परिवार के लिए लगभग 24 लाख रुपये की आर्थिक मदद की तत्काल घोषणा की गई। सूत्रों के अनुसार, यह कुल राशि 50 लाख रुपये तक पहुंचने की संभावना है।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गजेंद्र कुमार और पुलिस अधीक्षक (देहात) अतुल बंसल ने परिवार को तत्काल 15 लाख रुपये की सरकारी सहायता का आश्वासन दिया।
पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान ने अपनी ओर से दो लाख रुपये की सहायता की घोषणा की।
समाजवादी पार्टी के विधायक पंकज मलिक ने अपनी पार्टी की ओर से पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद का ऐलान किया।
भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) की ओर से गठवाला खाप के चौधरी राजेंद्र मलिक ने भी दो लाख रुपये देने का वादा किया।
इसके अतिरिक्त, पंचायत में मौजूद अन्य समाजसेवियों ने भी लगभग छह लाख रुपये की सहायता का आश्वासन दिया।
इस दुखद घटना के बाद शासन-प्रशासन हरकत में आ गया है। जानकारी दी गई है कि कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार और कौशल विकास राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल से भी संपर्क साधा गया है और उन्होंने भी अतिरिक्त आर्थिक मदद का आश्वासन दिया है।
यह बताया गया है कि स्थानीय जनप्रतिनिधि जल्द ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करेंगे और उज्ज्वल के परिवार को और अधिक आर्थिक सहायता दिलाने का विषय प्रमुखता से उठाएंगे।










Discussion about this post