मुजफ्फरनगर। जिले के चरथावल थानाक्षेत्र के ग्राम कुल्हेड़ी में पुरानी रंजिश के चलते एक 24 वर्षीय युवक की निर्मम हत्या कर दी गई। हत्यारों ने युवक को परचून की दुकान पर बुलाया और पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। वारदात को छिपाने के लिए हत्यारों ने शव को बेसन के कट्टे में भरकर दुकान के भीतर ही छिपा दिया।
रंजिश के चलते बहाने से बुलाया-
घटना सोमवार देर रात की है। मृतक की पहचान ग्राम कुल्हेड़ी निवासी मुत्तलिब (24) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि मुत्तलिब मस्जिद में नमाज पढ़ रहा था, तभी गांव के परचून दुकानदार सहमान के मोबाइल से लगातार कॉल आ रहे थे। नमाज के बाद मुत्तलिब जब सहमान की दुकान पर पहुंचा, तो वहां पहले से मौजूद सहमान और उसके दोस्त साजिद ने मिलकर उस पर हमला बोल दिया।
परिजनों के अनुसार, करीब दो माह पूर्व मुत्तलिब और सहमान के बीच बाइक की साइड लगने को लेकर मामूली विवाद हुआ था, जिसके बाद से दोनों के बीच रंजिश चली आ रही थी। आरोप है कि इसी रंजिश का बदला लेने के लिए सहमान ने साजिश रचकर मुत्तलिब को बहाने से दुकान पर बुलाया।
हत्या के बाद शव को बेसन के कट्टे में छिपाया-
आरोप है कि सहमान और साजिद ने मिलकर मुत्तलिब की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद दोनों आरोपियों ने शव को ठिकाने लगाने के उद्देश्य से बेसन के एक कट्टे में डालकर छिपा दिया और दुकान का शटर अंदर से बंद कर लिया।
इसी बीच, मारपीट की सूचना किसी ग्रामीण ने मुत्तलिब के परिजनों को दे दी। जब परिजन दुकान पर पहुंचे और आवाज लगाई तो आरोपियों ने शटर खोला। परिजनों को देखते ही दोनों आरोपी मौका पाकर फरार हो गए। अंदर जाकर देखा तो कट्टे में मुत्तलिब का शव पड़ा था, जिससे गांव में सनसनी फैल गई।
पुलिस ने एक आरोपी को लिया हिरासत में-
सनसनीखेज हत्या की सूचना पर एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत और सीओ सदर डॉ. रवि शंकर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर दो आरोपियों (सहमान और साजिद) के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि एक युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा कर रही है।










Discussion about this post