शामली। थानाभवन थाने के पास फिल्माए गए एक वायरल वीडियो से इलाके में हड़कंप मच गया है। वीडियो में एक युवक को आधा दर्जन से ज़्यादा लोग बेल्ट, डंडों, लात-घूंसों से बेरहमी से पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित बार-बार हाथ जोड़कर माफ़ी मांगता है और हमलावरों के पैर पकड़ता है, लेकिन इसके बावजूद वे उसे एक पेड़ से बांधकर पीटते रहते हैं।
सोशल मीडिया पर इस वीडियो के वायरल होते ही स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। नागरिकों का कहना है कि ऐसी घटनाएं क्षेत्र में कानून व्यवस्था की पोल खोलती हैं और लोगों में भय का माहौल पैदा करती हैं। उन्होंने मांग की है कि पुलिस जल्द से जल्द दोषियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करे, ताकि भविष्य में इस तरह की वारदातों की पुनरावृत्ति न हो।
क्षेत्राधिकारी थानाभवन ने बताया कि “मामला अभी संज्ञान में नहीं था, लेकिन वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। सत्यता की पुष्टि के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”
सूत्रों के अनुसार पुलिस वीडियो में दिख रहे व्यक्तियों की पहचान और लोकेशन का पता लगाने में जुट गई है। सोशल मीडिया के माध्यम से अपराधियों के दुस्साहस की यह घटना प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाती है। थाना प्रभारी के अनुसार, पीड़ित के परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और मामले की जांच पड़ताल जारी है।











Discussion about this post