लखनऊ। रियल एस्टेट फर्म संचालक व सपा नेता सऊद मुशीर, फहद बख्श व जावेद बख्श निवासीगण जरनैलगंज, ठाकुरगंज के खिलाफ फ्लैट के नाम पर 27 लाख रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में हजरतगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
मामले में अल्पसंख्यक आयोग की पूर्व महिला सदस्य डालीबाग निवासी रुमाना सिद्दीकी ने एसीपी हजरतगंज विकास जायसवाल से शिकायत की थी। रुमाना के मुताबिक, वर्ष 2016 में उनकी पहचान सउद मुशीर से हुई थी, जिसने खुद को सपा का प्रदेश सचिव भी बताया था।
आरोपी ने कहा कि कल्याणपुर रिंग रोड के पास फ्लैट बने हैं। वह उन्हें भी अच्छी कीमत पर फ्लैट दिला देगा। बातों में फंस कर रुमाना ने 31 लाख का फ्लैट बुक कराया। इसमें उन्होंने सउद को 27 लाख का भुगतान कर दिया। इसके बावजूद उन्हें फ्लैट नहीं मिला। दबाव बनाने पर टालमटोल करता रहा। विरोध पर आरोपी ने खुद को मुख्तार अंसारी गिरोह का सदस्य बताया। इतना ही नहीं सउद व उसके साथी फहद व जावेद ने गोली मारने की धमकी देना शुरू कर दिया।
रुमाना ने जब जांच की तो पता चला कि सउद मुशीर ने फहद बख्श सिद्दीकी और जावेद की मदद से फ्लैट बेच दिया है। आरोपियों ने बिना मानचित्र पास कराए ही निर्माण कराया था। कई लोगों को फ्लैट भी बेचे गए, जिसे लेकर विवाद है। इंस्पेक्टर विक्रम सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है।










Discussion about this post