गाजियाबाद/मेरठ। सावन मास के आगमन के साथ ही कांवड़ यात्रा की तैयारियां चरम पर हैं। लाखों श्रद्धालु हरिद्वार से गंगाजल लाकर भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने नमो भारत ट्रेन की फ्रीक्वेंसी बढ़ाने का फैसला लिया है।
11 जुलाई से सावन की शुरुआत के साथ ही न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ तक चलने वाली नमो भारत ट्रेन हर 10 मिनट के अंतराल पर चलाई जाएगी। अभी तक यह ट्रेन 15 मिनट के अंतर पर चल रही थी। यह व्यवस्था विशेष रूप से सुबह 8 बजे से 11 बजे तक और शाम 5 बजे से 8 बजे तक लागू होगी।
नमो भारत ट्रेन वर्तमान में 55 किलोमीटर के सेक्शन में 11 स्टेशनों के बीच संचालित हो रही है और अब तक इसकी सवारी करने वालों की संख्या 1.25 करोड़ के आंकड़े को पार कर चुकी है। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधाओं को देखते हुए यह कदम उठाया गया है ताकि सड़क मार्ग पर यातायात के दबाव को कम किया जा सके।
कांवड़ यात्रा के दौरान मेरठ सहित कई शहरों में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी और कई मार्गों पर विशेष ट्रैफिक प्लान लागू होगा। ऐसे में नमो भारत ट्रेन श्रद्धालुओं के लिए एक सुरक्षित, तेज़ और सुगम यात्रा विकल्प प्रदान करेगी।
एनसीआरटीसी ने स्टेशन परिसरों और आसपास की सड़कों पर साफ-सफाई, रोशनी और ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर विशेष इंतजाम किए हैं। ट्रैफिक मार्शल की तैनाती की जा रही है और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में निर्माण गतिविधियों को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। इसके साथ ही स्टेशन परिसरों के पास वाहन पार्किंग की अनुमति नहीं दी जाएगी।
मेरठ में नमो भारत और मेट्रो प्रोजेक्ट के कार्य भी तेज़ी से प्रगति पर हैं, जिससे आने वाले समय में शहरवासियों को और अधिक आधुनिक और सुविधाजनक परिवहन की सुविधा मिलेगी। एनसीआरटीसी स्थानीय प्रशासन के सहयोग से कांवड़ यात्रा को सफल और सुरक्षित बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।











Discussion about this post